छत्तीसगढ़

अगले 50 वर्षों तक विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार कर चुका हूँ – स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल।

(एमसीबी)
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नववर्ष मिलन समारोह और पत्रकार संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल पत्रकार नहीं बल्कि लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ और हमारे मतदाता भी हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दों को उन्होंने हमेशा सकारात्मक रूप से लिया है और जो भी कमियां सामने आईं उन्हें तत्काल दूर करने का प्रयास किया गया।


उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में कार्यों की गति तेज की गई है और गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर दिया गया है। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल पर न्यायालय द्वारा संज्ञान लिया जाना व्यवस्था सुधार का उदाहरण है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 10 से बढ़ाकर 15 कर दी गई है। फिजियोथेरेपी सेवाओं का विस्तार हुआ है तथा मानसिक अस्पतालों की क्षमता भी बढ़ाई गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मनेंद्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की मांग लंबे समय से थी जिसे अब पूरा किया जा रहा है। नर्सिंग कॉलेज को मेडिकल कॉलेज परिसर में ही स्थापित किया जायेगा और चिरमिरी में नर्सिंग आईआईटी पैटर्न पर विकसित होगा। पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रारंभ हो चुका है। रेलवे एवं सड़क कनेक्टिविटी पर बोलते हुए मंत्री श्री जायसवाल ने बताया कि रेलवे से जुड़े कार्यों पर 241 करोड़ को 500 करोड़ रुपयों से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।  पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा की चिरमिरी-बिलासपुर रेल मार्ग को रायपुर तक विस्तार करने के प्रयास किये जा रहे हैं। सड़क अधोसंरचना के अंतर्गत 350 करोड़ रुपयों की लागत से 100 से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। हसदेव नदी पर प्रदेश का सबसे ऊंचा मेरो-उधनापुर पुल, पाराडोल पुल तथा खड़गवां को जोड़ने वाली सड़क निर्माणाधीन है। चिरमिरी-खड़गवां शॉर्टकट रोड का चौड़ीकरण कार्य भी जारी है।
जल संसाधन विभाग से संबंधित जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि चिरमिरी में 185 करोड़ रुपयों की जलापूर्ति योजना की एनओसी प्रक्रिया चल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की पुरानी नहरों में वर्षों बाद पानी पहुंचना शुरू हुआ है। केवई नदी परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित डैम से भविष्य में लगभग 6000 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और पूरा विधानसभा क्षेत्र लाभान्वित होगा।
कोयला खदानों को लेकर उठे सवालों पर मंत्री ने कहा कि किसी प्रकार के भ्रम में ना रहें। जहां सुरक्षा और नियमों के अनुसार संभव होगा वहां खदानें चालू रखी जायेगी। अंजन हिल माइंस इसका उदाहरण है जो 12 से 15 वर्षों बाद पुनः शुरू होने जा रही है।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल चिरमिरी में जल्द ही अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की डायलिसिस सेवा शुरू की जाएगी तथा मेडिकल कॉलेज में एमआरआई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आरटीओ कार्यालय बंद होने के प्रश्न पर मंत्री ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से अनुरोध करेंगे कि राजस्व सृजन करने वाले सभी आवश्यक सेटअप पूर्ण रूप से संचालित हों।
अंत में उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति सुझाव दे सकते हैं। पत्रकारों ने सदैव उनका मनोबल बढ़ाया है और क्षेत्र के विकास में उनकी भूमिका अहम रही है। मई के प्रथम सप्ताह में पत्रकारों के साथ एक और संवाद बैठक आयोजित की जायेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!