छत्तीसगढ़

चिरमिरी में नागरिक सुविधाओं के अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, इण्टक ने सौंपा ज्ञापन

(मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी, इण्टक को लोकमंच का समर्थन मिला)

चिरमिरी – नगरीय निकाय चुनाव को संपन्न हुए अभी एक वर्ष भी नहीं बीता है, लेकिन नगर निगम चिरमिरी की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस ने भाजपा शासित नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम की अव्यवस्थाओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए आयुक्त रामप्रसाद आंचला को 38 बिन्दुओं पर अपना ज्ञापन सौंपा और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। अपने ज्ञापन में साफ – सफाई, बिजली – पानी जैसे मूलभूत नागरिक सुविधाओं को उपलब्ध कराये जाने की माँगों के साथ – साथ, ठेका कर्मचारियों के नियमित वेतन भुगतान, उनके बीमा कर शासकीय प्रावधानों के अनुरूप सामुदायिक बीमा के श्रेणी में लाये जाने, कार्य के दौरान पेड़ से गिर कर मृत कर्मचारी स्व. बाबूलाल को बीमा भुगतान किये जाने, पीलिया से मृत लोगों के परिजनों को मुआवजा देने, कमीशन खोरी के लालच में अनावश्यक वाहनों एवं सामग्रियों की खरीदी कर फायर स्टेशन के गोदाम में सड़ाने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही करने, नगर निगम के सिटी बस सेवा सहित एम्बुलेंस एवं शव वाहन व्यवस्था को दुरूस्थ कर लोगों को सेवा देने, पानी टंकियों एवं टैंकरों के सफाई किये जाने, सार्वजनिक शौचालयों की दुर्दशा को ठीक करने, हल्दीबाड़ी से बड़ा बाजार के जानलेवा हो चूके सड़क निर्माण करने, शहर के गड्ढों में तबदील हो चुके सड़कों के मरम्मत करने, अंतिम संस्कार हेतु मुक्तिधाम में लकड़ी व्यवस्था करने, ठण्ड के ठिठुरन भरे मौसम में अलाव की व्यवस्था न कर पाने और स्वच्छ भारत मिशन को फेल करने में लगे के अक्षम अधिकारी पर कार्यवाही करने, घड़ी चौक, रोड सेफ्टी मिरर व ओपन जीम के खराब व्यवस्थाओं को ठीक करने, पट्टा वितरण के रूके कार्यवाही को पुनः प्रारम्भ कर प्रधानमंत्री के आवास बनवाये जाने, निगम के निविदा प्रक्रिया में ठेकेदारों के बंद लिफाफे से कागजात चोरी हो जाने पर जाँच कर कार्यवाही किये जाने सहित आदि अव्यवस्थाओं के विरूध्द नेताओं ने निगम प्रशासन को जमकर लताड़ लगाई है।

कांग्रेस से जुड़े श्रमिक संगठन इंटक के क्षेत्रीय अध्यक्ष अब्दुल सलीम उर्फ राजू ने कहा कि नगर निगम में बैठी भाजपा की शहर सरकार आम जनता से जुड़े छोटे – छोटे मुद्दों को भी हल करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि चाहे सड़क की समस्या हो, सफाई – बिजली की व्यवस्था हो या फिर नगर निगम से संबंधित अन्य कोई भी विषय, आज हालात यह हैं कि निगम कार्यालय में आवेदन – निवेदन तक को सुनने वाला कोई अधिकारी तक मौजूद नहीं रहता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित नगर निगम में जनहित के कार्यों की अनदेखी की जा रही है, जिससे शहर की जनता परेशान और त्रस्त हैं। अधिकारी अपने भ्रष्टाचार के एकमात्र फार्मूले में लगे हुए हैं।

वहीं इण्टक के इस अभियान को समर्थन देने पहुँचे सामाजिक संगठन लोकमंच के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर के. डोमरु रेड्डी ने भी चिरमिरी में नगर निगम प्रशासन को नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध करा पाने में पूरी तरह विफल करार देते हुए, ट्रीपल इंजन वाले भाजपा शासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के महापौर, विधायक और मंत्री अपनी कथित कार्यकुशलता दिखाने में पूरी तरह विफल रहे हैं और सिर्फ करोड़ों के विकास कार्यों की स्वीकृति हो जाने का काल – कल्पित ढिंढोरा पीटने में लगे हुए हैं और इधर शहर की बुनियादी समस्याएँ जस की तस बनी हुई हैं, लेकिन नगर निगम के नेता व अधिकारी बेखौफ अंदाज में हमारे जनता की समस्याओं से आँखें मूंदे बैठे हैं। इस दौरान दल – बल के साथ पहुँचे पूर्व महापौर श्री रेड्डी ने कहा कि शहर की जनता बदहाल हो रही है और जनप्रतिनिधि आराम फरमा रहे हैं, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी और नगर निगम का घेराव किया जाएगा। इस दौरान इण्टक और कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने भाजपा शासित नगर निगम के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। जिसमें इण्टक की ओर से प्रमुख रूप से राजेन्द्र चाफेकर, सत्यप्रकाश सिंह, संतोष विश्वकर्मा, सुरेश विश्वकर्मा, शशिकांत सिंह, मुराद अली, श्रीकांत, काजल एवं लोकमंच की ओर से काग्रेस नेता वरूण शर्मा, साबीर खान, आशुतोष मिश्रा, राणा दास, संजय नाहक, प्रदीप प्रजापति, पार्षद इम्तियाज अहमद, सदाशिव बारिक, संतोष पाहान, दिनेश प्रसाद, सुकांत मण्डल, शशांक सेन आदि सम्मिलित हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!