मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का चिरमिरी दौरा: श्रीराम कथा में हुए शामिल, प्रभु जगन्नाथ मंदिर में लिया आशीर्वाद

चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर में इन दिनों आयोजित भव्य श्रीराम कथा महोत्सव धार्मिक आस्था, संस्कृति और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। इसी क्रम में प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री का दो दिवसीय चिरमिरी प्रवास नगरवासियों के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बन गया।
अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन प्रातःकाल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चिरमिरी स्थित प्रभु श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रभु जगन्नाथ जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, शांति एवं विकास की कामना की। इस दौरान मंदिर समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन कर उनका स्वागत किया। मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने मंदिर में कुछ समय व्यतीत कर धार्मिक गतिविधियों का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री के इस दो दिवसीय चिरमिरी प्रवास को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रीराम कथा एवं धार्मिक स्थलों पर उनकी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और अधिक बढ़ा दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।





