“गरीबों को भी मिले गर्मी से राहत: निलेश साहू ने उठाई एसी, फ्रिज और कूलर की कीमतें कम करने की मांग”

सोनहत/कोरिया।
प्रदेश में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। जहां एक ओर संपन्न वर्ग एसी, फ्रिज और कूलर जैसे आधुनिक उपकरणों के सहारे गर्मी से राहत पा रहा है, वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार आज भी तपती गर्मी का सामना करने को मजबूर हैं।
इसी गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए सोनहत ब्लॉक के लटमा में आयोजित सुशासन त्यौहार के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता निलेश साहू ने एक अनूठी पहल करते हुए प्रशासन के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उन्होंने मांग की कि एसी, फ्रिज, कूलर और अन्य गर्मी से राहत देने वाले उपकरणों की कीमतों में कमी लाने अथवा गरीब परिवारों के लिए विशेष रियायती योजना लागू की जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोग भी भीषण गर्मी से बचाव के साधन प्राप्त कर सकें।
निलेश साहू का कहना है कि बढ़ती गर्मी अब केवल असुविधा का विषय नहीं रह गई है, बल्कि यह स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुका है। ऐसे में सरकार को गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए।
निलेश साहू की इस पहल को क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिल रहा है। उनके सहयोगियों और शुभचिंतकों ने इस मांग को जनहित से जुड़ा बताते हुए सराहना की है। लोगों का कहना है कि आमतौर पर जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता सड़क, बिजली और पानी की समस्याओं को उठाते हैं, लेकिन भीषण गर्मी से जूझ रहे गरीब परिवारों के लिए राहत की मांग करना एक सकारात्मक और दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और सरकार इस जनहित की मांग पर कितना गंभीरता से विचार करती है। फिलहाल निलेश साहू की इस पहल ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बनते हुए गरीब परिवारों की उम्मीदों को नई ऊर्जा दी है।




