छत्तीसगढ़

ग्राम कोडांगी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हुए शामिल

एमसीबी/खड़गवां। शनिवार को विकासखंड खड़गवां के ग्राम कोडांगी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं विभिन्न विभागों के प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, 20 सूत्रीय क्रियान्वयन एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य रूप से शामिल हुए।


शिविर में स्वास्थ्य विभाग को कुल 313 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर ही विभिन्न सेवाएं प्रदान की गईं। इसके तहत 25 कम सुनाई देने वाले हितग्राहियों को कान की मशीन वितरित की गई, 11 हितग्राहियों को छड़ी (स्टिक) एवं 15 को वॉकर स्टिक दी गई। 14 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) कार्ड बनाए गए, 55 हितग्राहियों की सिकल सेल जांच, 25 की मलेरिया जांच, 50 लोगों की शुगर जांच तथा 101 लोगों का ब्लड प्रेशर (बीपी) चेकअप किया गया। इसके साथ ही 2 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड एवं 15 को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।


स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने शिविर के दौरान सभी हितग्राहियों को विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए उपकरणों एवं कार्डों का वितरण किया।
वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 2 नए राशन कार्ड, 1 नाम जोड़ने का प्रकरण, 5 व्यक्तिगत शौचालय की मांग तथा 4 पेंशन प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया।


महिला एवं बाल विकास विभाग को महतारी वंदन योजना के ई-केवाईसी से संबंधित 65 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत निराकरण मौके पर ही कर दिया गया। इसके अलावा आधार कार्ड से संबंधित 23 प्रकरण भी सामने आए, जिनका समाधान अधिकारियों द्वारा तत्काल किया गया।


इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर गरीब और ग्रामीण तक पहुंचे, इसके लिए सरकार “सुशासन तिहार” चला रही है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त सभी प्रकरणों का 100 प्रतिशत निराकरण किया गया, जो सरकार की मंशा के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्याओं में उलझा न रहे और गांव-गांव तक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि पहुंचकर समस्याओं का समाधान करें।


कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष किसान युवा मोर्चा श्री राम प्रताप गुप्ता, स्थानीय सरपंच सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जनपद पंचायत खड़गवां के सीईओ रूपेश बंजारे, तहसीलदार सुश्री सिद्धि गवेल, बीएमओ डॉ. मनीष प्रताप सिंह, बीपीएम राज कुमार राजवाड़े सहित सभी ग्राम पंचायतों के सचिव एवं विकासखंड स्तरीय स्टाफ मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!