छत्तीसगढ़

पौने दो साल में 5 लाख गायें गायब, कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तस्करी का आरोप लगाया

गौठान-गोबर खरीदी योजना बंद होने से भूख, दुर्घटना और तस्करी से हजारों गायों की मौत

बैकुंठपुर, 01 अक्टूबर 2025।

आज राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले पौने दो वर्षों में प्रदेश से 5 लाख से अधिक गोवंश गायब हो गए हैं और लगभग 2,500 गायों की मौत भूख, दुर्घटना व जहरीले पदार्थ खाने से हुई है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के कांग्रेस सरकार द्वारा चलाई जा रही गौठान योजना और गोबर खरीदी योजना बंद कर दी गई। परिणामस्वरूप गायें चारे-पानी के अभाव में भूख से मर रही हैं और सड़कों पर भटकने के कारण दुर्घटनाओं की शिकार हो रही हैं।


कांग्रेस नेताओं ने बताया कि विभिन्न समाचार माध्यमों और कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट के अनुसार 850 से अधिक गायें सड़क दुर्घटनाओं में, 1200 से अधिक भूख-प्यास से और 200 से अधिक जहरीला पदार्थ खाने से मारी गईं। जबकि वास्तविकता इससे कहीं अधिक भयावह है।


पत्रकार वार्ता में यह भी कहा गया कि कांग्रेस शासनकाल (2023) में 14 लाख गोवंश का प्रबंधन 10,800 गौठानों में व्यवस्थित रूप से होता था, परंतु भाजपा सरकार ने इन्हें बंद कर दिया। अब गांव और शहरों में पशुधन की संख्या 40 प्रतिशत तक घट गई है, जिससे साफ है कि लाखों गायों की तस्करी कर उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र जैसे राज्यों के स्लॉटर हाउस भेजा गया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गो पूजक और गो रक्षक होने का दावा करने वाली भाजपा के शासन में ही गायों की सबसे ज्यादा दुर्दशा हो रही है। मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत, ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन गया है और भाजपा ने बीफ निर्यातक कंपनियों से चंदा लेने का भी खुलासा हुआ है।
कांग्रेस ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने गोठान और गोबर खरीदी योजना शुरू की थी, जिससे न केवल गायों की रक्षा हुई बल्कि लोगों को आय का साधन भी मिला। लेकिन भाजपा सरकार ने इसे बंद कर दिया। दिखावे के लिए कभी गो अभ्यारण्य, कभी गौधाम बनाने की घोषणा की गई, लेकिन आज तक न तो कोई अभ्यारण्य बना और न ही गौधाम।
कांग्रेस ने मांग की है कि –
1. पिछले पौने दो साल में प्रदेश से गायब हुई 5 लाख गायों पर सरकार स्पष्टीकरण दे।
2. 2023 से पहले की सभी 10,800 गौठानों को पुनः शुरू किया जाए।
3. गौठानों में चारे-पानी की पर्याप्त और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि यदि गोवंश की सुरक्षा और गौठान योजना बहाल करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।

प्रेसवार्ता के दौरान पर उपस्थित जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष नजीर अजहर, कोषाध्य अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेसी मुख्तार अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, आशीष यादव, धीरज सिंह, कृष्ण कुमार राजवाड़े, रियाजउद्दीन, राजीव गुप्ता, राकेश जायसवाल, संतोष गोयन, अमित दुबे एवं अनेकों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!